मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने लाया है। मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 88 के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 यात्री गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर जा रही एक स्लीपर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर रुकी थी। इसी दौरान लघुशंका के लिए कुछ यात्री बस से नीचे उतरे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े यात्रियों को बेरहमी से कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर पिछले एक महीने में यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले
22 जनवरी को एक बस में आग लगने की घटना हुई थी. 28 जनवरी को घने कोहरे के कारण 10 वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी.
लगातार हो रहे हादसों ने यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।